नई दिल्ली में आयोजित समारोह में 2024 और 2025 के उस्ताद बिस्मिल्लाह खां युवा पुरस्कार 106 युवा कलाकारों को प्रदान किए गए। संगीत नाटक अकादमी का यह सम्मान प्रदर्शन कलाओं में काम कर रही नई पीढ़ी को पहचान देता है।

सम्मान पाने वालों में राजस्थान के अकरम खान बहरूपिया को लोक नृत्य, बिहार की मनीषा श्रीवास्तव को लोक संगीत, नगालैंड के हितो किहो को गायन-वृंद संगीत, सुभाश्री स्वैन को छऊ नृत्य और घनश्याम साहू को नाटक लेखन के लिए चुना गया।

केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि देश की पहचान केवल भौतिक प्रगति से नहीं, बल्कि कला, संस्कृति और विरासत से भी बनती है। रंगकर्मी आनंद कुमार पांडेय ने उभरते कलाकारों के लिए अवसर बढ़ाने की दिशा में काम जारी रखने की बात कही।